Srujan Organizes Inter-School Poetry Recitation to Celebrate Founder’s Birthday

Srujan Organizes Inter-School Poetry Recitation to Celebrate Founder’s Birthday

काव्यधारा 2025: डा. डी एस गुप्त की कविताओं का बच्चों ने किया पाठन!!

सृजन, जो सृजनात्मकता का प्रतिष्ठित संस्थान है, ने अपने संस्थापक स्वर्गीय डा. डी एस गुप्त के उनानवें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर सृजन के अध्यक्ष श्री सोमेश गुप्ता और डी ए वी पब्लिक स्कूल सैक्टर 8, चंडीगढ़ द्वारा “काव्यधारा 2025” के अंतर्गत अंतर स्कूल कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में ट्राई सिटी के 16 प्रतिष्ठित स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने डा. डी एस गुप्त द्वारा रचित कविताओं का पाठन किया और अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का मकसद बच्चों में साहित्य और कविता के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाना था।

समारोह की मुख्य अतिथि श्रीमती संतोष गर्ग, वाइस प्रेसिडेंट, अखिल भारतीय साहित्य परिषद हरियाणा, ने बच्चों के उत्साह और आत्मविश्वास की प्रशंसा की। उनके विचारों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया और उन्हें अपनी प्रतिभा को और निखारने के लिए प्रेरित किया।

सम्मानित अतिथि श्री प्रकाश चन्द्र शर्मा ने बच्चों के सृजनात्मक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बचपन से ही कविता लेखन और साहित्य के प्रति रुचि विकसित करना भविष्य में साहित्य को जीवित रखने का एक महत्वपूर्ण तरीका है।

प्रतियोगिता का निर्णायक मंडल डा. निर्मल सूद और अनू रानी शर्मा ने बच्चों के कविता पाठ का मूल्यांकन किया। उन्होंने प्रतिभागियों के शुद्ध उच्चारण, भावाभिनय और प्रस्तुति कौशल को ध्यान में रखते हुए विजेताओं का चयन किया।

प्रतियोगिता दो चरणों में संपन्न हुई। पहले चरण में जूनियर वर्ग के बच्चों ने हिस्सा लिया। इस वर्ग में रीत डांढा, सेंट जेवियर हाई स्कूल प्रथम स्थान पर रहे। रजत शर्मा, डी ए वी 39 चंडीगढ़ ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि शनाया त्रिहान, भवन विद्यालय सैक्टर 15 पंचकुला तीसरे स्थान पर रहीं। जसप्रीत कौर, शाहीन पब्लिक स्कूल मलोया को कंसोलेशन पुरस्कार प्रदान किया गया।

सीनियर वर्ग में अर्शिता सचदेवा, सी एल डीएवी, सैक्टर 11, पंचकुला प्रथम स्थान पर रहीं। जैसा सिंह, सी एल अग्रवाल सैक्टर 7, चंडीगढ़ ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरा स्थान प्राची, डी ए वी पब्लिक स्कूल सैक्टर 8, चंडीगढ़ को मिला। कंसोलेशन पुरस्कार जीतेश, के बी, डी ए वी, सैक्टर 7, चंडीगढ़ को प्रदान किया गया।

टीम ट्रॉफी डी ए वी स्कूल सैक्टर 39, चंडीगढ़ ने जीती। यह उनकी टीम भावना और उत्कृष्ट तैयारी का प्रमाण था। बच्चों की भागीदारी और प्रतियोगिता के प्रति उत्साह ने पूरे समारोह को जीवंत और यादगार बना दिया।

सृजन के अध्यक्ष श्री सोमेश गुप्ता ने कविता पाठन में शुद्ध उच्चारण और भावाभिनय के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने संस्थान के उद्देश्यों और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सृजन बच्चों की सृजनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।

डी ए वी स्कूल सैक्टर 8 के प्रिंसिपल श्री मंतोषपाल सिंह ने बच्चों में साहित्य के प्रति रुचि और संवेदनशीलता विकसित करने के महत्व पर जोर दिया। मंच संचालन सुनीता गौड़ और उमा निझावन ने सफलतापूर्वक किया, जिससे कार्यक्रम सहज और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।